उत्तराखंड
देहरादून एयरपोर्ट पर देरी से पहुंच रही उड़ाने, मैदानी राज्यों में कोहरा…हवाई उड़ानें लंबित
उत्तराखंड समेत पूरे देश में सूखी ठंड से लोग परेशान है, जहां पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड खासा बढ़ चुकी है तो वहीं मैदानी इलाकों में कोहरा सड़क यातायात और हवाई उड़ानों के सुचारु संचालन में बाधक बन रहा है। इसी क्रम में बीते गुरुवार को भी अन्य राज्यों से आने वाली कई उड़ाने देहरादून हवाई अड्डे पर देरी से पहुंची। हालांकि, बुधवार की तरह गुरुवार शाम को देहरादून एयरपोर्ट पर कोहरा नहीं था लेकिन फिर भी देहरादून पहुंचने वाली उड़ानों में देरी होने का कारण उन राज्यों में कोहरा बताया जा रहा है जहां से यह उड़ाने आती हैं। वहीं देहरादून एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, गुरुवार सुबह इंडिगो की 7:55 बजे आने वाली उड़ान सुबह 9:46 पर देहरादून एयरपोर्ट पहुंची। इंडिगो की भुवनेश्वर से सुबह 8:25 बजे आने वाली उड़ान सुबह 8:50 बजे और इंडिगो की दिल्ली से सुबह नौ बजे आने वाली उड़ान सुबह 9.52 बजे एयरपोर्ट पर पहुंची।
कोहरे की मार का हवाई उड़ानों पर असर
इन दिनों देशभर में मौसम की शुष्कता से सूखी ठंड और कोहरा दोनों जन-जीवन को प्रभावित कर रहे हैं। वहीं मैदानी प्रदेशों में कोहरे का असर से हवाई उड़ानों को सबसे अधिक प्रभावित कर रहा है। मुंबई से एयर इंडिया जो उड़ान सुबह 9:55 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचती थी, वह उड़ान गुरुवार को 10.14 बजे और एयर इंडिया की मुंबई से दोपहर 2:20 बजे आने वाले उड़ान शाम 3:43 बजे एयरपोर्ट पहुंची। जबकि दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की शाम 4:10 बजे आने वाली उड़ान भी शाम 5:26 बजे पहुंची, इस प्रकार इंडिगो की शाम 5:05 बजे पुणे से आने वाली उड़ान शाम 5:53 बजे, बेंगलुरु से शाम 5:20 बजे आने वाली इंडिगो की उड़ान शाम 7:09 बजे, इंडिगो की दिल्ली से शाम 5:55 बजे आने वाली उड़ान शाम 6.19 पर पहुंची। वहीं मुंबई की शाम 6:20 बजे आने वाली उड़ान शाम 6.36 बजे, जयपुर की शाम 6:30 बजे आने वाली उड़ान शाम 7 बजे तक एयरपोर्ट नहीं पहुंच पाई थी। हवाई उड़ानों का विलंब चक्र यात्रियों को दिक्कते दे रहा है, क्योंकि उड़ानों के आने का समय निर्धारित नहीं रह गया है।





