उत्तराखंड
उत्तराखंड सड़क हादसा: थारू जनजाति की प्रथम लोक गायिका रिंकू राणा की दर्दनाक मौत, ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से गई जान
उत्तराखंड स्थित नौगजा, कल्याणपुर निवासी थारु जनजाति से आने वाली प्रथम लोकगायिका रिंकू राणा (33) की आज गुरुवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गायिका रिंकू राणा अपने मायके गांव बिचपुरी खैरना से होली खेलकर स्कूटी से अपने घर जा रही थीं, दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब वह सड़क किनारे स्कूटी लगाकर किसी से बात कर रहीं थी कि अचानक तेज गति से आ रहा ईंटों से ओवर लोड ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उनको टक्कर मार दी। इस हादसे के दौरान गायिका रिंकू के साथ उनकी भतीजी जिया राणा भी थीं, वहीं हादसे की खबर के बाद से ही परिजनों में कोहराम मच गया, तो वहीं साथ ही इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक घटना स्थल से फरार
इस दर्दनाक सड़क हादसे में रिंकू राणा गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली चालक मौके से भाग गया। वहीं आस-पास के लोगों ने घायल रिंकू राणा को उप जिला अस्पताल सितारगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, उनकी भतीजी की हालत सामान्य है।
बताते चलें कि, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी व ट्रैक्टर ट्रॉली अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि रिंकू का एक पुत्र है, जो चौथी कक्षा में पढ़ता है।





