उत्तराखंड
देहरादून सनसनी: रायपुर चूना भट्ठा में मिला महिला का संदिग्ध शव, फॉरेंसिक टीम मौके पर
राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चूना भट्टा इलाके में एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून प्रमोद डोबाल पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसपी डोबाल के अनुसार, प्रथम दृष्टया शरीर पर चोट के कोई गहरे निशान नहीं मिले हैं, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका पिछले तीन दिनों से अपने घर से लापता थी। बताया जा रहा है कि महिला कुछ समय पहले ही एक नशा मुक्ति केंद्र से बाहर आई थी। पुलिस अब उन परिस्थितियों की जांच कर रही है जिनमें महिला घर से निकली थी और उसकी मौत कैसे हुई। एसएसपी ने कहा कि मामले की सघन विवेचना की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





