Connect with us

उत्तराखंड

देहरादून की 5 सीटों पर कांग्रेस में टिकट की होड़ तेज, प्रदर्शनों के जरिए शक्ति प्रदर्शन में जुटे दावेदार

देहरादून। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजधानी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और कांग्रेस के भीतर टिकट के दावेदारों ने अभी से शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इस सियासी सक्रियता का सीधा असर देहरादून की विधानसभा सीटों पर पार्टी के आंतरिक समीकरणों और टिकट की दौड़ पर पड़ रहा है।

प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में अभी कुछ समय शेष है, लेकिन कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों ने अपनी जमीन मजबूत करने की कवायद अभी से प्रारंभ कर दी है। टिकट के आकांक्षी नेता हर राजनीतिक कार्यक्रम को अपने पक्ष में माहौल बनाने के अवसर के रूप में ले रहे हैं। संगठनात्मक कार्यक्रम हों या फिर सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन, हर मौके पर टिकट के दावेदार अपनी सक्रियता दिखाने में पीछे नहीं रहना चाहते हैं।

सचिवालय कूच से लेकर मुख्यमंत्री आवास के घेराव तक, राजनीतिक विरोध के इन कार्यक्रमों के बहाने अब नेताओं का शक्ति प्रदर्शन खुलकर सामने आने लगा है। दो-चार चेहरों को छोड़ दिया जाए, तो लगभग सभी दावेदारों ने इस मौके को अपनी राजनीतिक सक्रियता और जनसमर्थन प्रदर्शित करने के अवसर के रूप में लिया। विशेष रूप से राजपुर, कैंट, धर्मपुर, रायपुर और सहसपुर विधानसभा क्षेत्रों से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे नेता दल-बल के साथ कूच में शामिल हुए।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र, 36 नायब तहसीलदारों में 13 बेटियों के चयन पर जताई खुशी

कांग्रेस में विधानसभा चुनाव की तैयारियां भले ही औपचारिक रूप से अपने अगले चरण में न पहुंची हों, लेकिन संभावित प्रत्याशियों ने सड़कों पर अपनी गतिविधियां काफी बढ़ा दी हैं। सरकार के खिलाफ होने वाले प्रदर्शनों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करना और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पहुंचना अब दावेदारों की प्राथमिकता बनता दिख रहा है। पार्टी के कार्यक्रमों में लगातार अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के पीछे दावेदारों का मकसद बिल्कुल साफ है। वे इसके जरिए पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी सक्रियता, संगठनात्मक पकड़ और समर्थकों की संख्या का सीधा संदेश पहुंचाना चाहते हैं।

पूर्व में हुए कांग्रेस के तमाम धरना-प्रदर्शनों और बृहस्पतिवार के मुख्यमंत्री आवास कूच में जिस तरह दावेदारों ने समर्थकों के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, उससे टिकट की दौड़ धीरे-धीरे दिलचस्प होती जा रही है। हर कोई अपनी राजनीतिक सक्रियता के जरिए खुद को सबसे मजबूत प्रत्याशी साबित करने में जुटा हुआ है। हालांकि, किसी भी प्रदर्शन में भीड़ जुटाना या राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहना ही टिकट मिलने की गारंटी नहीं है।

यह भी पढ़ें 👉  पंचतत्व में विलीन हुईं CM योगी की मां सावित्री देवी:अर्थी को कंधा देते समय नम हुईं CM योगी की आंखें, छोटे भाई ने चंडी घाट पर दी मुखाग्नि

प्रत्याशी चयन के दौरान कांग्रेस नेतृत्व के सामने उम्मीदवार की जीतने की क्षमता, क्षेत्र में जनाधार, संगठन के प्रति निष्ठा और पार्टी की रणनीतिक जरूरत जैसे कई अहम पहलू महत्वपूर्ण होते हैं। फिलहाल देहरादून की इन पांच प्रमुख विधानसभा सीटों के दावेदारों के बीच अपनी ताकत दिखाने की होड़ तेज है। अब सबकी निगाहें पार्टी नेतृत्व पर टिकी हैं कि चुनाव के करीब पहुंचने पर कांग्रेस किस चेहरे पर भरोसा जताती है और किसकी दावेदारी टिकट की कसौटी पर खरी उतरती है।

More in उत्तराखंड

Ad Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page