उत्तराखंड
चकराता ऑडियो विवाद पर गरमाई सियासत: बॉबी पंवार ने MLA प्रीतम सिंह के खिलाफ खोला मोर्चा, फूंका पुतला
उत्तराखंड के चकराता में ऑडियो विवाद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और यह मामला अब सीधे तौर पर आर-पार की लड़ाई में बदलता नजर आ रहा है। महिला सम्मान और कथित आपत्तिजनक भाषा के इस बहुचर्चित मामले में युवा नेता बॉबी पंवार ने आक्रामक रुख अपनाते हुए स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह और उनके दोनों भाइयों के खिलाफ जोरदार मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को क्षेत्र में प्रीतम सिंह और उनके परिजनों का पुतला दहन किया गया, जिसके बाद इलाके में सियासी पारा काफी हाई हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान बॉबी पंवार ने कड़े शब्दों में आरोप लगाया कि क्षेत्र में राजनीतिक रसूख के बल पर दबंगई का माहौल तैयार किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों को ललकारते हुए चेतावनी दी कि यदि आज जनता इस कथित भाषा और व्यवहार के खिलाफ एकजुट होकर बाहर नहीं आई, तो कल ऐसी ही स्थिति किसी भी आम परिवार के सामने आ सकती है। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी नेता या परिवार का प्रभाव इतना बड़ा नहीं होना चाहिए कि आम आदमी अपनी आवाज उठाने से डरने लगे।
इस पुतला दहन और तीखे विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस पार्टी के भीतर भी असहज स्थिति पैदा हो गई है। एक तरफ जहां कांग्रेस पार्टी महिला अधिकारों और सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ पार्टी के दिग्गज नेता और चकराता विधायक पर इस तरह के गंभीर आरोप लगना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। हालांकि, इस पूरे वायरल ऑडियो की प्रमाणिकता और इसके पीछे के तमाम पहलुओं पर अभी आधिकारिक और विस्तृत प्रतिक्रिया आना बाकी है, लेकिन इस घटनाक्रम ने उत्तराखंड की राजनीति को नए चौराहे पर लाकर खड़ा कर दिया है।



