उत्तराखंड
टिम्मरसैंण गुफा में बाबा बर्फानी हुए प्रकट, शिवलिंग के आकार में ढलीं बर्फीली शिलाएं
उत्तराखंड के चमोली जिले के नीती गांव के समीप टिम्मरसैंण महादेव गुफा में कुछ ऐसा होता है जिसके बाद महादेव के दीवाने श्रद्घालु यहां आने से खुद को रोक नहीं पाते। दरअसल, नीती गांव के पास टिम्मरसैंण महादेव गुफा स्थित है, जहां सर्दियों में यहां की बर्फीली शिलाएं प्राकृतिक रुप से शिवलिंग का स्वरुप ले लेती हैं। बस महादेव के इसी बर्फीले स्वरुप के दर्शन करने के लिए श्रद्घालु टिम्मरसैंण महादेव का रुख करते हैं। यहां न केवल स्थानीय श्रद्घालु बल्कि देश के विभिन्न क्षेत्रों से लोग दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। बर्फीली शिलाओं से निर्मित इस शिवलिंग के दर्शन दिसंबर से मार्च तक होते हैं।
शिवलिंग के आकार में ढलीं बर्फीली शिलाएं
भारत-चीन सीमा पर स्थित चमोली के नीती घाटी में टिम्मरसैंण गुफा महादेव का वह दर्शनकेंद्र है जहां भक्तों को बाबा बर्फानी के दर्शन होते हैं। हर बार की तरह इस बार भी देश के अलग-अलग राज्यों से आए श्रद्धालुओं में से अभिषेक व मोनिका ने बताया कि उन्होंने टिम्मरसैंण महादेव के बारे में काफी चर्चाएं सुनी थी लेकिन इस बार स्वयं नीती घाटी पहुंचकर बाबा बर्फानी के दर्शन करने पर उन्हें आनंद की प्राप्ति हो रही है।





