उत्तराखंड
वंदेमातरम् विवाद: CM धामी ने कांग्रेस को घेरा, बताया देशविरोधी सोच
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस को वंदेमातरम् के केवल दो अंतरे गाने के फैसले पर आड़े हाथों लिया है। गुरुवार को दिए अपने बयान में सीएम धामी ने कहा कि इस फैसले से कांग्रेस की देशविरोधी सोच एक बार फिर बेनकाब हो गई है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि अपने इसी दोहरे चरित्र और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण कांग्रेस आज देश से लगातार विलुप्त होने की कगार पर पहुंच रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वंदेमातरम् पर कांग्रेस का यह रुख न केवल राष्ट्रीय गीत का सीधा अपमान है, बल्कि यह देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं पर भी आघात है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि वंदेमातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। इसका अपमान उन वीर शहीदों का अपमान है, जिन्होंने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदेमातरम्’ का उद्घोष करते हुए अपना बलिदान दिया था। कांग्रेस पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदेमातरम् में भारत की सनातन संस्कृति झलकती है। इसी से घबराकर कांग्रेस को इस पर आपत्ति हो रही है।
सीएम धामी ने आगे कहा कि केवल एक वर्ग विशेष को खुश करने के लिए कांग्रेस शुरू से ही राष्ट्रीय प्रतीकों के साथ समझौता करती आई है। ऐतिहासिक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस ने वर्ष 1937 के अपने पुराने प्रस्ताव को दोहराते हुए यह निर्णय लिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 1937 में मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए वंदेमातरम् को विभाजित करके कांग्रेस ने देश के बंटवारे की नींव रखी थी। आज भी पार्टी उसी विभाजनकारी मानसिकता पर चल रही है। उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का वंदेमातरम् के अगले अंतरे गाने से डरना उसकी कमजोर मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के इस चरित्र को अच्छी तरह समझ चुकी है, इसीलिए हर चुनाव में उसे नकार रही है। अपने वक्तव्य के अंत में सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ कर रहा है, जबकि कांग्रेस अब भी अपनी पुरानी भूलों से सीखने को तैयार नहीं है।




