उत्तराखंड
Dehradun: 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ, 5 दिनों में इम्पैनलमेंट के आदेश
देहरादून। देहरादून जिले के ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले आयुष्मान कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने चकराता, कालसी, सहसपुर, डोईवाला, रायपुर और विकासनगर ब्लॉक के 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने का फैसला किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने शासन के निर्देश पर सभी चिकित्सा अधीक्षकों और प्रभारियों को पांच दिनों के भीतर इम्पैनलमेंट प्रक्रिया पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं। प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वर्तमान में ये 22 पीएचसी आयुष्मान योजना से संबद्ध नहीं हैं, जिससे स्थानीय मरीजों को मुफ्त इलाज की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। मरीजों को सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए भी बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। आयुष्मान योजना से जुड़ते ही कार्डधारकों को इन सभी केंद्रों पर 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलने लगेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
सीएमओ के अनुसार, इन केंद्रों पर ओपीडी के साथ एक से चार बेड की व्यवस्था उपलब्ध है। जहां डॉक्टर, फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय और सफाईकर्मी तैनात हैं। योजना लागू होने के बाद यहां तैनात डॉक्टर सामान्य मरीजों के साथ-साथ माइनर ऑपरेशन की जरूरत वाले मरीजों को भी भर्ती कर सकेंगे। इससे दूर-दराज के मरीजों को जिला अस्पताल भागने की मजबूरी खत्म होगी।
इन 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मिलेगी सुविधा:
स्वास्थ्य विभाग की इस नई पहल के तहत देहरादून जिले के सहसपुर व डोईवाला ब्लॉक के भगवंतपुर, भानियावाला, छिद्दरवाला और गुमानीवाला; रायपुर व विकासनगर ब्लॉक के सरोना, रानीपोखरी, कटापत्थर, कोटी ढलानी, रुद्रपुर और डाक पत्थर; चकराता ब्लॉक के बुलहाड़, मेहरावना, भटाड़, बरोथा, खाबू और कोटी कनासर; तथा कालसी ब्लॉक के कालसी, टाइप-ए लखवाड़, टाइप-ए कमला, टाइप-ए पिंगिरी, टाइप-ए बिरमौ और टाइप-ए मुंढान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़कर मुफ्त इलाज की सुविधा शुरू की जा रही है।




