उत्तराखंड
चारधाम यात्रा कल से शुरू: 18 लाख से भी अधिक पंजीकरण
उत्तराखंड में रविवार 19 अप्रैल यानी कल से विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा शुरु होने जा रही है। इस क्रम में लाखों श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल 2026 की शाम तक कुल 18 लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें से बाबा केदार के दर्शन के लिए सबसे अधिक तकरीबन 6 लाख लोगों ने पंजीकरण कराया है। चारधाम यात्रा 2026 के लिए उपयोग मे लाई जा रही हेली सेवा का ग्राफ भी ऊंचाई पर है। जी हां, हेली सेवा के लिए अब तक 17 लाख से भी अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। खास बात यह है कि बाबा केदार के दर्शन के लिए अकेले 6 लाख से अधिक यात्रियों की बुकिंग हुई है।
सुगम-सुव्यस्थित होगी चारधाम यात्रा 2026
इस बार चारधाम यात्रा को सुगम, सुव्यस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर इस बार व्यापक और हाईटेक तैयारियां की गई हैं। बताते चलें कि चारधाम यात्रा मार्ग पर 7000 पुलिसवाले 24 घंटे यात्रा मार्ग की निगरानी करेंगे, वहीं यात्रा मार्ग में लगे 1600 से अधिक हाइटेक कैमरे पूरी व्यवस्था की निगरानी करेंगे, इसके साथ ही 16 ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। IG गढ़वाल के अनुसार 24 घंटे निगरानी के लिए सरदार पटेल भवन में अत्याधुनिक चारधाम कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से पूरी यात्रा पर नजर रखी जाएगी।
सुरक्षा के लिहाज से पूरे यात्रा मार्ग को 16 सुपर जोन, 43 जोन और 149 सेक्टर में विभाजित किया गया है। जनपद पुलिस के साथ PAC, होमगार्ड, PRD, SDRF, ATS, BDS और जल पुलिस की तैनाती की गई है। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए ब्लैक स्पॉट, बॉटल नेक और लैंडस्लाइड जोन चिन्हित कर विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और हॉल्टिंग पॉइंट बनाए गए हैं, साथ ही ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र भी संचालित होंगे।
चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना
हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान से चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना हो गया है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे यात्री उत्साह और श्रद्धा के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए। यात्रा पर निकलते समय श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी और आस्था साफ झलक रही थी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं, काउंटर, सुरक्षा, लाइन प्रबंधन और अन्य सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस बार यात्रा पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित प्रतीत हो रही है। यात्रियों का कहना है कि वे लंबे समय से चारधाम यात्रा का इंतजार कर रहे थे और अब यात्रा पर निकलकर उनका सपना साकार हो रहा है।
टूरिस्ट एजेंसी के संचालक अमित चंद्रा ने बताया कि 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ यात्रा अपने शुभ चरण में प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतरीन व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो रही है।





