उत्तराखंड
चारधाम यात्रा 2026: हेली सेवा टेंडर का अंतिम चरण, सख्त DGCA मानक संग सुरक्षित होगी उड़ान
उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर हेली सेवा का टेंडर अंतिम चरण में पहुंच गया है और इसके 5 मार्च के आसपास खुलने की संभावना है। इस बार पूरी प्रक्रिया डीजीसीए के सुरक्षा मानकों और प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, ताकि उड़ान संचालन अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके। यात्रा के मद्देनजर केदारनाथ और बद्रीनाथ में दो नए एटीसी स्थापित करने, लाइव ट्रैकिंग डिवाइस की खरीद, कॉमन ग्राउंड हैंडलिंग व्यवस्था लागू करने और अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की दिशा में काम जारी है। साथ ही मौसम की सटीक जानकारी के लिए सिलीमीटर समेत अन्य उपकरणों की स्थापना भी की जा रही है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि टेंडर को डीजीसीए के सुरक्षा मानकों के अनुरूप वेट किया गया है ताकि बेहतर और सुरक्षित फ्लाइंग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि यात्रा अवधि में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, डीजीसीए और मौसम विभाग के अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। शटल सेवाओं और मौसम की लगातार मॉनिटरिंग होगी तथा खराब मौसम में उड़ानों पर रोक लगाई जाएगी। डीजीसीए द्वारा शटल सेवाओं में लगभग 30 प्रतिशत कटौती के चलते किराए पिछले सेकंड फेज के समान या उससे थोड़ा अधिक रहने की संभावना है।





