उत्तराखंड
उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खबर: हर जिले में बनेगा सीबीटी परीक्षा केंद्र, UKSSSC-SSC अभ्यर्थियों को राहत
देहरादून। उत्तराखंड के हर जनपद में कर्मचारी चयन आयोग और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कम से कम एक कंप्यूटर आधारित परीक्षा केंद्र विकसित किया जाएगा। सचिवालय में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने डिग्री कॉलेजों के परीक्षा भवनों को सीबीटी प्रणाली के अनुकूल बनाने के कड़े निर्देश दिए हैं। इस फैसले से प्रदेश भर के युवाओं को अब प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए दूर-दराज नहीं भटकना पड़ेगा।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत डिग्री कॉलेजों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान कार्यदायी संस्था ‘मंडी परिषद’ द्वारा विभिन्न निर्माण प्रोजेक्ट्स में बरती जा रही ढिलाई पर मुख्य सचिव ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने मंडी परिषद के अधिकारियों को चेताते हुए सभी कार्यों की समय-सीमा तय कर तुरंत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि कॉलेजों में निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सामान्य कक्षाओं के साथ-साथ प्रयोगशालाओं के निर्माण को पहली प्राथमिकता दी जाए ताकि विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों में कोई रुकावट न आए। साथ ही, उन्होंने आईटीआई भवनों में सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा ताकि प्रशिक्षुओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा मिल सके।
डिग्री कॉलेजों में बनने वाले परीक्षा भवनों को आधुनिक तकनीक से लैस करने पर जोर देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक जिले में सीबीटी अनुकूल परीक्षा केंद्र बनने से राज्य की परीक्षा आयोजन क्षमता में अभूतपूर्व बढ़ोतरी होगी। इससे ऑनलाइन परीक्षाओं के आयोजन में पारदर्शिता आएगी और अभ्यर्थियों को उनके अपने ही जिले में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
व्यय वित्त समिति की इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों से आए विकास प्रस्तावों को विस्तार से परखने के बाद अपनी मंजूरी दी। इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, एडीजीपी अभिनव कुमार, सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, सी. रविशंकर, डॉ. रणवीर सिंह चौहान और अपर सचिव नरेंद्र सिंह भंडारी सहित शासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



