Connect with us

उत्तराखंड

उत्तराखंड: बदरीनाथ-केदारनाथ मास्टर प्लान पर बड़ा फैसला, 15 दिन में शुरू होगा अस्पताल

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज सचिवालय में श्री बदरीनाथ धाम और श्री केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण व पुनर्निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने मास्टर प्लान के अंतर्गत परिसंपत्तियों के हैंडओवर की अद्यतन स्थिति जानी और सभी प्रोजेक्ट्स को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने सेंट्रल स्ट्रीट के अंतर्गत आने वाले 6 प्रमुख भवनों को उच्च प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि चालू यात्रा सीजन के समाप्त होते ही इन भवनों का निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराया जाए और इसके लिए संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ जल्द एग्रीमेंट साइन किए जाएं।

यह भी पढ़ें 👉  Dehradun News: CM धामी ने एक क्लिक से श्रमिकों के खातों में भेजे ₹18.49 करोड़

बैठक में संस्कृति मंत्रालय द्वारा दोनों धामों में कराए जा रहे विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों की भी जानकारी ली गई। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को इन सभी कार्यों की लगातार और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि तय सीमा में सभी प्रोजेक्ट्स गुणवत्ता के साथ पूरे हो सकें।

मास्टर प्लान क्षेत्र के संरक्षण को लेकर मुख्य सचिव ने सख्त रुख अपनाते हुए मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर किसी भी प्रकार के अनधिकृत निर्माण की अनुमति न देने के निर्देश दिए। उन्होंने इस पर तुरंत शासनादेश जारी करने की बात कही और संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यावरणीय मानकों व सुरक्षा का कड़ाई से अनुपालन कराने के आदेश दिए।

बदरीनाथ धाम में संचालित विकास कार्यों के तहत मुख्य सचिव ने फेज-1 और फेज-2 की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थल का निरीक्षण करने और कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की बात कही।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में विदाई से पहले बदलेगा मानसून का मिजाज: 8 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी

समीक्षा के दौरान चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि बदरीनाथ धाम में निर्माणाधीन अस्पताल को लगभग अगले 15 दिनों के भीतर शुरू करने की योजना है। इस पर मुख्य सचिव ने अस्पताल को तय समय में चालू करने के लिए आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

सचिवालय में आयोजित इस बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, एपीसीसीएफ डॉ. विवेक पाण्डेय, सुरेन्द्र मेहरा, सीसीएफ प्रसन्ना कुमार पात्रो, अपर सचिव विनीत कुमार, हिमांशु खुराना और अभिषेक रोहिला समेत संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

More in उत्तराखंड

Ad Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page