अल्मोड़ा
दून के बाद अल्मोड़ा को मिलेगा विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्र,
उत्तराखंड सरकार राज्य के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर दिलाने के लिए अल्मोड़ा में प्रदेश का दूसरा विदेशी भाषा विकास केंद्र खोलने जा रही है। कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सदन में इसकी घोषणा करते हुए बताया कि इस केंद्र के बनने से कुमाऊं मंडल के युवाओं को प्रशिक्षण के लिए अब देहरादून आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार ने आगामी बजट में कौशल विकास के लिए 3.30 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया है।
मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना
सरकार ने साल 2023 में इस योजना की शुरुआत की थी, जिसके तहत अब तक 143 युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें से 92 युवा जापान, जर्मनी, फ्रांस और सऊदी अरब जैसे देशों में नौकरी पा चुके हैं। इस योजना के तहत 8 से 10 महीने का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसकी लागत लगभग 1.5 लाख रुपये तक आती है, जिसमें सरकार द्वारा 20 प्रतिशत की सब्सिडी दी जा रही है।
विदेशी नौकरियों के लिए 16 एजेंसियों से अनुबंध
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से जुड़ी 16 सेवायोजन एजेंसियों के साथ अनुबंध किया गया है। ये एजेंसियां प्रशिक्षित युवाओं को विदेशों में नौकरी दिलाने में मदद करती हैं। अल्मोड़ा में इस सेंटर की मांग रामनगर के विधायक दीवान बिष्ट द्वारा की गई थी, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है।
देहरादून में पहले से संचालित है केंद्र
वर्तमान में प्रदेश का पहला विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्र दून विश्वविद्यालय में चल रहा है। यहाँ युवाओं को जर्मन, फ्रेंच, जापानी, स्पेनिश और अंग्रेजी भाषा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा, 26 करोड़ रुपये की लागत से बने एक अन्य कौशल विकास केंद्र में युवाओं के लिए छात्रावास (Hostel) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।





