उत्तराखंड
उत्तराखंड राजनीति: कांग्रेस के नारों में “नारी सम्मान”, व्यवहार में “गाली और अपमान”..
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जनपद स्थित चकराता क्षेत्र से सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस पार्टी गंभीर राजनीतिक सवालों के घेरे में आ गई है। वायरल ऑडियो में एक व्यक्ति द्वारा एक पिता पर अपनी दो बेटियों को कांग्रेस में शामिल कराने का दबाव बनाने और मना करने पर कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि फोन पर बात करने वाला व्यक्ति कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह का भाई चमन सिंह है, हालांकि ‘बेबाक समाचार’ इस वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता और आवाज की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल ऑडियो को लेकर किए जा रहे दावों के अनुसार, चकराता निवासी बालक राम नाम के व्यक्ति को फोन कर उनकी दोनों बेटियों को पार्टी में शामिल कराने की बात कही जा रही थी। आरोप है कि जब बालक राम ने इस पर अपनी असहमति जताई, तो बातचीत के दौरान मर्यादा लांघते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी गई।
यह प्रकरण राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि चकराता लंबे समय से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह का मुख्य राजनीतिक गढ़ रहा है। ऐसे में किसी परिवार पर राजनीतिक सदस्यता के लिए कथित दबाव बनाने और अपशब्द कहे जाने की घटना ने विपक्ष में बैठी कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
महिला सुरक्षा, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के बड़े-बड़े दावे करने वाली पार्टी के संदर्भ में यह घटना असहज करने वाले सवाल खड़ी करती है। किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ना या न जुड़ना व्यक्ति की अपनी स्वतंत्र इच्छा का विषय है, ऐसे में जबरन दबाव बनाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत माना जा रहा है।
फिलहाल इस पूरे मामले में वायरल ऑडियो की सत्यता, बातचीत के पूरे संदर्भ और संबंधित पक्षों का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है। देखने वाली बात यह होगी कि क्या कांग्रेस संगठन इस वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच कराकर अपना पक्ष स्पष्ट करता है या नहीं।



