उत्तराखंड
हल्द्वानी BJP प्रदेश कार्यसमिति बैठक में नितिन नवीन ने कांग्रेस के षड्यंत्रों पर साधा निशाना
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के दौरान रामलीला मैदान शुद्धीकरण मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि खरगे उत्तराखंड में राजनीतिक षड्यंत्र रच रहे हैं, जबकि राहुल गांधी युवाओं को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस दलितों के अपमान का झूठा आरोप लगाती है, जबकि वह खुद शुद्धीकरण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर विभाजनकारी राजनीति कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की इस नीति से उत्तराखंड की गरिमा को कोई ठेस नहीं पहुंचा सकता।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी दल समाज को जाति और वर्गों में बांटकर अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘झूठ की गूंज’ ज्यादा दिनों तक नहीं टिकती और राज्य का माहौल बिगाड़ने की कोई भी साजिश सफल नहीं होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामलीला मैदान शुद्धीकरण मामले पर स्थिति साफ करते हुए कहा कि एक स्वतंत्र धार्मिक संगठन ने मैदान में फैलाई गई गंदगी और उग्र नारों के खिलाफ यह कदम उठाया था। सीएम धामी ने खुलासा किया कि शुद्धीकरण करने वाले पांच लोगों में से दो लोग स्वयं दलित समुदाय से हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं थी, बल्कि माहौल स्वच्छ करने के लिए की गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सपा इस मुद्दे पर केवल तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हैं। जनता सच जानती है। वनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण पर भी विपक्ष का दोहरा रवैया सामने आ चुका है, हालांकि सरकार सुप्रीम कोर्ट के हर फैसले का पालन करेगी।
सीएम धामी ने अपनी सरकार के कार्यों का ब्योरा देते हुए समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और अतिक्रमण हटाने जैसे कदमों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों की राष्ट्रीय रैंकिंग में उत्तराखंड 10वें स्थान से छलांग लगाकर देश में पहले स्थान पर पहुंचा है।
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा वंदे मातरम् के 150वें वर्ष पर लाल किले से इसके पूर्ण गायन के फैसले का स्वागत किया गया। वहीं, राष्ट्रगीत को केवल दो पदों तक सीमित रखने के कांग्रेस के पुराने रुख की कड़ी आलोचना की गई। कार्यक्रम के अंत में नेपाल की प्राकृतिक आपदा और चमोली की विष्णुगाड पीपलकोटी सुरंग दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक का मुख्य एजेंडा 2027 के विधानसभा चुनाव, बूथ मजबूती, पहाड़-मैदान का संतुलन, और 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए ठोस आधार तैयार करना है। सीएम धामी ने भरोसा जताया कि कार्यकर्ता इस बैठक से नई ऊर्जा लेकर क्षेत्र में जाएंगे और शानदार जीत दर्ज करेंगे।




