उत्तराखंड
Chamoli: तमकनाला में बेली ब्रिज बहने से हड़कंप, CM धामी ने दिए तुरंत राशन-सड़क बहाली के निर्देश
चमोली। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर स्थित तमकनाला में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोर्चा संभालते हुए सीधे स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने चमोली के जिलाधिकारी और गढ़वाल मंडल आयुक्त से वार्ता कर प्रभावित सीमांत क्षेत्रों में राशन आपूर्ति और सड़क कनेक्टिविटी जल्द बहाल करने के कड़े निर्देश दिए।
सोमवार को तमकनाला में अचानक आए अत्यधिक जलप्रवाह में 123 बीआरटीएफ द्वारा निर्मित बेली ब्रिज बह गया था, जिसमें एक व्यक्ति और एक वाहन लापता हो गए थे। हादसे के तुरंत बाद ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को सर्च ऑपरेशन के लिए तैनात कर दिया गया था।
मंगलवार को हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि प्रभावित सीमांत गांवों में राशन, दवाइयों और जरूरी सामान की आपूर्ति किसी भी सूरत में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल वैकल्पिक रास्तों का उपयोग कर ग्रामीणों तक सामग्री पहुंचाई जाए।
ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जल्द से जल्द शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी संभावित तकनीकी विकल्पों पर तुरंत काम शुरू करने के आदेश दिए। इसके साथ ही प्रशासनिक टीम को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर वास्तविक नुकसान का सटीक आकलन करने को कहा गया है।
मौसम के लगातार बदलते मिजाज और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में रह रहे लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए।
आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से चमोली समेत पूरे प्रदेश पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन, पुलिस और सर्च टीमों के बीच मजबूत समन्वय से रेस्क्यू और राहत अभियानों को आगे बढ़ाया जा रहा है।




