उत्तराखंड
उत्तराखंड चारधाम यात्रा ने तोड़े सभी रिकॉर्ड: 56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्ज कराई उपस्थिति
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा ने इस वर्ष एक नया और ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। उत्तराखण्ड के चारधामों केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में आने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या इस साल 56,18,497 दर्ज की गई है। इस रिकॉर्ड संख्या के साथ ही यात्रा ने वर्ष 2023 के अपने ही पुराने सर्वाधिक श्रद्धालुओं के आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया है।
चारधाम यात्रा के प्रति देश और दुनिया भर के श्रद्धालुओं का उत्साह इस बार चरम पर देखा गया है। बाबा केदारनाथ और भगवान बदरी विशाल के साथ-साथ मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री के दर्शन के लिए रिकॉर्ड तोड़ भीड़ देवभूमि पहुंची है। श्रद्धालुओं की संख्या में हुई इस अभूतपूर्व वृद्धि से राज्य में धार्मिक पर्यटन को पंख लगे हैं और देश भर के करोड़ों श्रद्धालुओं का देवभूमि की व्यवस्थाओं पर अटूट विश्वास झलकता है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में राज्य सरकार ने इस यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जमीन पर व्यापक इंतजाम किए थे। यात्रा मार्गों पर आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, सुदृढ़ यातायात प्रबंधन, निर्बाध पेयजल, स्वच्छता अभियानों, विशाल पार्किंग स्थलों और आवास व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर दुरुस्त किया गया था।
प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ जैसे तमाम विभागों के बीच बेहतरीन आपसी तालमेल ने इस पूरी यात्रा को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में श्री केदारनाथ और श्री बदरीनाथ धाम समेत तमाम प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास ने प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई मजबूती दी है।
सड़क मार्ग की बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक यात्री सुविधाओं के निरंतर विस्तार का सीधा सकारात्मक असर चारधाम यात्रा में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या पर पड़ा है। नया रिकॉर्ड बनने पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि में आने वाला हर एक श्रद्धालु हमारे लिए आदरणीय अतिथि की तरह है। सरकार की प्राथमिकता हर यात्री की यात्रा को सुरक्षित और सुखद बनाना है।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि यह रिकॉर्ड आंकड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और उत्तराखंड सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। उन्होंने चारधाम यात्रा के इस सफल और निर्विघ्न संचालन में दिन-रात जुटे प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, स्वास्थ्य कर्मियों, एसडीआरएफ जवानों, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय नागरिकों के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता और सराहना व्यक्त की है।



