उत्तराखंड
देवभूमि की पवित्रता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: खटीमा में सीएम धामी का अवैध अतिक्रमणकारियों को कड़ा संदेश
खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के नगला तराई में आयोजित भव्य रामलीला कार्यक्रम में शिरकत कर जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, त्याग और उनके आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में उतारने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम का जीवन समाज को एकजुट करने और हमेशा धर्म तथा नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि सरकार देवभूमि की पौराणिक, सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को सहेजने के लिए पूरी दृढ़ता से काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण के साथ ही केदारखंड और मानसखंड के मंदिरों का जीर्णोद्धार कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रदेश की जनसांख्यिकी और सुरक्षा पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने दो टूक कहा कि देवभूमि की पवित्रता और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए सरकार किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण और छद्म वेशधारियों के खिलाफ पूरी सख्ती से कानूनी कार्रवाई कर रही है। इसमें किसी भी स्तर पर ढील नहीं दी जाएगी।
केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कामकाज का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में ऐतिहासिक बदलाव आए हैं। गरीबों के लिए पक्के आवास, हर घर नल से जल और मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन जैसी योजनाओं ने आम आदमी का जीवन आसान बनाया है। इसके साथ ही, आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया गया है।
महिला उत्थान और युवाओं के भविष्य पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ अभियानों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। साथ ही, युवाओं के लिए रोजगारपरक स्किल डेवलपमेंट पर विशेष जोर दिया जा रहा है। किसानों को आर्थिक संबल देने के लिए किसान सम्मान निधि और सैनिकों के कल्याण के लिए ‘वन रैंक, वन पेंशन’ जैसी ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं। सीमाओं की सुरक्षा के लिए सर्जिकल और एयर स्ट्राइक जैसे सख्त कदम उठाकर यह साबित कर दिया गया है कि देश सुरक्षित हाथों में है।
इस कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा समेत रामलीला कमेटी के तमाम पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



