Connect with us

उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत को दी ₹123 करोड़ की सौगात, 17 विकास योजनाओं का किया शिलान्यास

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सीमांत जनपद चम्पावत को बड़ी सौगात देते हुए कुल ₹123.79 करोड़ की लागत से तैयार और प्रस्तावित 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस बड़े फैसले से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, पर्यटन और स्थानीय व्यापार को एक नई रफ्तार मिलेगी। भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जिला बनाना उनका संकल्प है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत के चहुंमुखी विकास के लिए आज विकास योजनाओं का अंबार लगा दिया। कार्यक्रम में ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हो चुकी 8 योजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया। इसके साथ ही भविष्य की जरूरतों को देखते हुए ₹96 करोड़ की लागत वाली 9 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास भी संपन्न हुआ।

पर्यटन उद्योग को नया बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने ₹349.98 लाख की लागत से बने ‘जिम कॉर्बेट ट्रेल’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस खास प्रोजेक्ट के तहत चम्पावत जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर प्रसिद्ध पर्यावरणविद् जिम कॉर्बेट से जुड़े निर्माण और सुधारीकरण के कार्य किए जा रहे हैं, जो आने वाले दिनों में सैलानियों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनेंगे।

जनता से सीधा संवाद और सिटी सेंटर का भूमि पूजन

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बस स्टेशन रोडवेज परिसर में बनने वाले आधुनिक ‘सिटी सेंटर’ के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इसके बाद सीएम धामी ने जमीनी स्तर का फीडबैक लेने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से सीधा संवाद स्थापित किया।

मुख्यमंत्री धामी ने मंदिरों के पुजारियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल व ढाबा संचालकों से बात की। संवाद के इस सिलसिले में स्वच्छाग्रही, शिक्षक, स्थानीय उद्यमी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी, बैंक कर्मी और बार एसोसिएशन के प्रबुद्धजन शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान का भरोसा दिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के पहाड़ी रूटों पर सफर होगा आसान: रोडवेज के बेड़े में शामिल होंगी GMOU की 500 बसें

₹62.33 करोड़ की लागत से दूर होगी पार्किंग की समस्या

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल कंक्रीट के भवन और सड़कें बनाना नहीं है, बल्कि एक ऐसा चम्पावत तैयार करना है जहां युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता और व्यापारियों को नए अवसर मिलें। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए चम्पावत नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक सिटी सेंटर का निर्माण किया जा रहा है।

इस बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बनने से शहर में ट्रैफिक और पार्किंग की बड़ी समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। इसके साथ ही चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और युवाओं के लिए कई अन्य आधुनिक सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है।

बेटियों के लिए खेल कॉलेज और आधुनिक साइंस सेंटर की घोषणा

सीमांत क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच देने के लिए बड़ी घोषणाएं की गईं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की बेटियों को वर्ल्ड क्लास खेल सुविधाएं देने के लिए चम्पावत में लगभग ₹257 करोड़ की भारी-भरकम लागत से ‘महिला खेल कॉलेज’ की स्थापना की जा रही है। इसके साथ ही बच्चों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए ₹58.52 करोड़ की लागत से एक आधुनिक साइंस सेंटर भी बनाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में जाम से मिलेगी मुक्ति! रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड रोड के लिए पुणे की विशेषज्ञ संस्था करेगी विशेष अध्ययन

कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में कृषि महाविद्यालय की स्थापना की जा रही है और गौशालाओं का वैज्ञानिक तरीके से विकास किया जा रहा है। आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का विशेष फोकस है।

टनकपुर में बनेगा ₹237 करोड़ का आधुनिक ISBT

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मूल मंत्र पर चलते हुए मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत माँ पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और माँ वाराही धाम जैसे धार्मिक स्थलों का भव्य कायाकल्प किया जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।

कनेक्टिविटी को सुधारने के लिए टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से एक आधुनिक ISBT का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके साथ ही ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में मौजूद रहे ये वरिष्ठ चेहरे

इस बड़े विकास कार्यक्रम के दौरान मंच पर कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत और प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा शामिल थे।

प्रशासनिक मोर्चे पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती और अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय जनता मौजूद रही।

Ad Ad Ad
Continue Reading
You may also like...

More in उत्तराखंड

Ad Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page