उत्तराखंड
उत्तराखंड परिवहन निगम का बड़ा फैसला: दिल्ली जाने वाली बसें अब एक्सप्रेसवे के रास्ते, सफर रहेगा सुरक्षित
देहरादून। दिल्ली में चल रहे प्रदर्शनों का देहरादून-दिल्ली बस सेवा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उत्तराखंड परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी बसों का संचालन देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के जरिए करने का फैसला किया है।
राजधानी देहरादून स्थित आईएसबीटी से प्रतिदिन लगभग 80 बसों का संचालन किया जाता है। ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया कि साधारण बसों के साथ-साथ वॉल्वो और सीएनजी बसों को भी दिल्ली एक्सप्रेसवे के रास्ते ही भेजा जा रहा है, जिससे बसें बिना किसी रुकावट के अपने गंतव्य तक पहुंच रही हैं।
परिवहन निगम प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि एक्सप्रेसवे से संचालन होने के कारण बसें दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों वाले प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहेंगी। इससे यात्रियों का सफर सुरक्षित रहने के साथ ही समय की बचत भी होगी। निगम ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें।
यात्रियों की मदद के लिए परिवहन निगम ने आईएसबीटी पर 24 घंटे काम करने वाला विशेष पूछताछ केंद्र बनाया है। रूट, बसों के समय और संचालन से जुड़ी सही जानकारी के लिए यात्री सीधे रोडवेज कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर या उत्तराखंड परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।



