उत्तराखंड
बागेश्वर में विकसित भारत रोजगार गारंटी कार्यशाला आयोजित, BJP ने बूथ स्तर पर रणनीति बनाई
उत्तराखंड में केंद्र सरकार द्वारा पोषित महत्वाकांक्षी रोजगार गारंटी योजना को धरातल पर पूर्ण रुप से क्रियान्वित करने और इस योजना को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए अब बूथ स्तर तक इसके प्रचार-प्रसार की रणनीति बनाई जा रही है। इस क्रम में आज गुरुवार को बागेश्वर जिला के मंडलसेरा स्थित भाजपा कार्यालय में विकसित भारत रोजगार गारंटी विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में बागेश्वर और कपकोट के दोनों विधायक, दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, जिला प्रभारी कुन्दन लटवाल सहित भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र सरकार की रोजगार गारंटी योजनाओं को कार्यकर्ताओं के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाना और बूथ स्तर पर इसके लाभों की जानकारी देना रहा।
मीडिया से बातचीत के दौरान दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार गलत बयानबाज़ी कर और नकारात्मक माहौल बनाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा का नाम बदलने के साथ-साथ मजदूरों को मिलने वाले वास्तविक लाभों की जानकारी भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता तक पहुँचाई जा रही है। वहीं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलकर विकसित भारत की नींव रखी गई है। केंद्र सरकार की योजनाएं गरीब, मजदूर और ग्रामीणों को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही हैं और इन योजनाओं की जानकारी हर व्यक्ति तक पहुँचाना पार्टी की प्राथमिकता है।





